
ऑक्सीजन सपोर्ट पहले ही हटाया जा चुका है
एम्स में भर्ती हरीश राणा को मंगलवार यानी आज से पानी देना भी बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही उनके जीवन को बनाए रखने वाले उपाय चरणबद्ध तरीके से समाप्त किए जा रहे हैं। सोमवार को हुई मेडिकल कमेटी की बैठक में निष्क्रिय इच्छामृत्यु की प्रक्रिया पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बताया जा रहा है कि हरीश को पहले ही ऑक्सीजन सपोर्ट से हटा लिया गया था। अब तक उन्हें ट्यूब के माध्यम से पोषण और हाइड्रेशन दिया जा रहा था, जिसे भी बंद कर दिया गया है। मंगलवार से पानी रोकने के बाद ट्यूब को बंद कर दिया जाएगा, हालांकि उसे शरीर से नहीं निकाला जाएगा।
एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए हरीश की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और जीवन रक्षक उपकरणों को चरणबद्ध तरीके से हटाने की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अस्पताल प्रशासन ने आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार, 5 से 9 विशेषज्ञों की मल्टीडिसिप्लिनरी टीम सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हर कदम उठा रही है। एम्स के शांत वातावरण में इस समय एक संवेदनशील और जटिल निर्णय प्रक्रिया जारी है, जहां चिकित्सा, कानून और मानवीय संवेदनाएं एक साथ सामने आ रही हैं।






