
28 मार्च तक पूरी तरह खाली करना अनिवार्य
नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी को राजधानी दिल्ली में स्थित अपने पुराने मुख्यालय 24 अकबर रोड और यूथ कांग्रेस कार्यालय (5 रायसीना रोड) को खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पार्टी को 28 मार्च तक दोनों परिसरों को पूरी तरह खाली करना अनिवार्य कर दिया गया है। कांग्रेस पहले ही इंदिरा भवन में अपने नए मुख्यालय का उद्घाटन कर चुकी है, लेकिन 24 अकबर रोड स्थित पुराने कार्यालय से अब तक पूरी तरह शिफ्ट नहीं हुई थी। इसी वजह से पार्टी की कई गतिविधियां अभी भी यहीं संचालित हो रही थीं। इसके अलावा, 5 रायसीना रोड स्थित यूथ कांग्रेस कार्यालय को लेकर भी खाली करने का निर्देश मिला है।
करीब 48 साल पुराना है मुख्यालय
24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस का यह मुख्यालय लगभग 48 वर्षों से पार्टी की गतिविधियों का केंद्र रहा है। नए दफ्तर में शिफ्ट होने के बावजूद, पुराने कार्यालय का इस्तेमाल बैठकों और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जारी था। सूत्रों के अनुसार, कई अहम बैठकें अब तक इसी परिसर से संचालित की जा रही थीं। नोटिस मिलने के बाद कांग्रेस नेतृत्व सक्रिय हो गया है। वरिष्ठ नेता इस मुद्दे पर कानूनी सलाह ले रहे हैं और संभावित विकल्पों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। पार्टी जल्द ही इस मामले में अपनी रणनीति तय कर सकती है। इस मामले पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि नोटिस का अध्ययन करने के बाद पार्टी राजनीतिक और कानूनी स्तर पर उचित कदम उठाएगी। वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि सरकार दबाव बनाकर पार्टी की आवाज दबाना चाहती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है और कांग्रेस को डराने की कोशिश की जा रही है।
जल्द जारी हो सकते हैं निर्देश
सूत्रों के अनुसार, 24 अकबर रोड और 5 रायसीना रोड स्थित दोनों कार्यालयों को 28 मार्च तक खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पार्टी की विभिन्न इकाइयों और कार्यकर्ताओं को भी जल्द आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।






