
आज से नवी मुंबई के लिए मिलेगी सीधी उड़ान, समर शेड्यूल भी लागू हुआ
देहरादून एयरपोर्ट से आज, 29 मार्च से नवी मुंबई के लिए पहली बार सीधी हवाई सेवा शुरू हो रही है। इस नई उड़ान का संचालन इंडिगो एयरलाइंस द्वारा किया जाएगा, जो पहली बार इस रूट पर अपनी सेवा दे रही है।
इसी के साथ देहरादून एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल भी लागू कर दिया गया है, जो 24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। इस शेड्यूल में कुल 34 उड़ानों को मंजूरी दी गई है। कुछ उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है, वहीं कुछ नए शहरों को भी जोड़ा गया है। हालांकि, इस बार भुवनेश्वर की उड़ान शामिल नहीं है। इसके स्थान पर नवी मुंबई और पिथौरागढ़ के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जा रही हैं। अलग-अलग उड़ानों का संचालन 29 मार्च से और उसके बाद विभिन्न तिथियों में शुरू होगा। अब देहरादून से दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ सहित कुल 12 शहरों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध होंगी।
एयरपोर्ट पर आज से ‘डिजी यात्रा’ सुविधा की भी शुरुआत की जा रही है, जिसका उद्घाटन केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू वर्चुअल माध्यम से करेंगे। इस सुविधा के लागू होने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट में प्रवेश के लिए केवल चेहरे की पहचान (फेशियल रिकग्निशन) का इस्तेमाल करना होगा। इससे चेक-इन और बोर्डिंग की प्रक्रिया तेज और आसान हो जाएगी, साथ ही लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी। यात्रियों को अब बार-बार पहचान पत्र या टिकट दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी। डिजी यात्रा एक डिजिटल और पेपरलेस पहल है, जो एआई तकनीक के माध्यम से यात्रियों की पहचान सुनिश्चित करती है। इसके लिए यात्रियों को अपने मोबाइल में डिजी यात्रा ऐप डाउनलोड कर आधार और मोबाइल नंबर से पंजीकरण करना होगा। ऐप में फ्लाइट से संबंधित जानकारी और फोटो अपलोड करने के बाद, एयरपोर्ट पर लगे स्मार्ट गेट चेहरे की पहचान कर स्वतः खुल जाएंगे। खास बात यह है कि यात्रा पूरी होने के 24 घंटे के भीतर ऐप में दर्ज डेटा स्वतः हट जाएगा। इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर वाई-फाई, पुस्तक पढ़ने की सुविधा और बच्चों के लिए किड्स जोन भी शुरू किया गया है, जहां खेल-खिलौनों की व्यवस्था रहेगी। एयरपोर्ट निदेशक भूपेश सीएच नेगी ने बताया कि इन नई सुविधाओं से यात्रियों का अनुभव और बेहतर होगा।
नवी मुंबई के लिए शुरू हो रही यह नई उड़ान आज शाम 5:35 बजे नवी मुंबई से देहरादून पहुंचेगी और शाम 6:10 बजे देहरादून से वापस रवाना होगी। इंडिगो इस रूट पर 186 सीटों वाले विमान का संचालन करेगी, जो लगभग 2 घंटे 25 मिनट में दूरी तय करेगा। फिलहाल इस उड़ान का शुरुआती किराया 10,939 रुपये रखा गया है, जबकि 29 अप्रैल के लिए यह किराया करीब 9,327 रुपये है, जो समय के अनुसार बदल सकता है।





