
1 अप्रैल 2026 से यूपीआई पेमेंट सिस्टम में बड़ा बदलाव लागू हो गया है। अब यूजर्स को ट्रांजेक्शन के लिए पिन डालने की आवश्यकता नहीं होगी। नई व्यवस्था के तहत फिंगरप्रिंट आधारित बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन से भुगतान किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और सुरक्षित बन जाएगी। देश में डिजिटल भुगतान का सबसे लोकप्रिय माध्यम बन चुके यूपीआई को नए वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ अपडेट किया गया है। अब तक पैसे भेजने के लिए पिन अनिवार्य था, लेकिन अब इसकी जगह बायोमेट्रिक तकनीक ने ले ली है। यानी यूजर्स अब फिंगरप्रिंट के जरिए ही आसानी से पेमेंट कर सकेंगे। यह सुविधा पेटीएम, फोनपे, गूगल पे समेत सभी यूपीआई आधारित ऐप्स पर लागू होगी।
क्यों किया गया बदलाव?
भारत में प्रतिदिन करीब 80 करोड़ यूपीआई ट्रांजेक्शन किए जाते हैं, जिसे सरकार 100 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखती है। ऐसे में सुरक्षा को और मजबूत करना जरूरी हो गया था। पिन आधारित सिस्टम में फ्रॉड की घटनाएं सामने आती रही हैं, खासकर जब फोन खो जाए या पिन लीक हो जाए। इसके मुकाबले फिंगरप्रिंट, फेस और आईरिस जैसे बायोमेट्रिक विकल्प अधिक सुरक्षित माने जाते हैं, इसलिए इस तकनीक को यूपीआई में शामिल किया गया है।
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
- यूजर्स को अपने यूपीआई ऐप में जाकर बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन सक्रिय करना होगा।
- QR कोड स्कैन कर राशि दर्ज करने के बाद फिंगरप्रिंट का विकल्प दिखाई देगा।
- फिंगरप्रिंट स्कैन करते ही पेमेंट तुरंत पूरा हो जाएगा।
बेहतर अनुभव के साथ मजबूत सुरक्षा
गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी कंपनियां पहले से ही अपने प्लेटफॉर्म पर बायोमेट्रिक तकनीक का उपयोग कर रही हैं। अब यूपीआई में इसके आने से यूजर्स को सार्वजनिक स्थानों पर पिन डालने की चिंता से राहत मिलेगी। यह तरीका न सिर्फ आपकी प्राइवेसी को सुरक्षित रखेगा, बल्कि डिजिटल लेन-देन को भी अधिक सहज और तेज बनाएगा। डिजिटल इंडिया की दिशा में यह बदलाव एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शुरुआती दौर में यह नया अनुभव अलग लग सकता है, लेकिन सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से यह पिन आधारित सिस्टम से कहीं बेहतर साबित होगा।





