
सीएमओ में हुआ बड़ा बदलाव, 25 जिलों के जिला कलेक्टर भी बदले
राजस्थान में नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। मंगलवार देर रात राज्य सरकार ने 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए, जिनमें मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) सहित कई अहम पदों पर बदलाव किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश के 26 जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त किए गए हैं। मार्च के अंतिम दिन देर रात जारी इस सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जयपुर के जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी को अब सचिव, मुख्यमंत्री एवं शासन सचिव, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का दायित्व दिया गया है। उल्लेखनीय है कि उन्हें हाल ही में साहित्य अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री के विशिष्ट सचिव संदेश नायक को जयपुर का नया कलेक्टर बनाया गया है।
सीएमओ में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं। सीकर कलेक्टर मुकुल शर्मा को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशिष्ट सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है, जबकि आईएएस अधिकारी टीना डाबी की बहन रिया डाबी को मुख्यमंत्री का ओएसडी बनाया गया है। वहीं टीना डाबी को टोंक जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। अन्य प्रमुख नियुक्तियों में वरिष्ठ आईएएस डॉ. जोगाराम को पंचायतीराज विभाग के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का दायित्व दिया गया है, जबकि राजन विशाल को जल जीवन मिशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अरविंद कुमार पोसवाल को राजस्थान आवासन मंडल का आयुक्त बनाया गया है। हाल ही में आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद से ही आईएएस तबादलों की सूची का इंतजार किया जा रहा था, जिसे अब जारी कर दिया गया है।
राज्य के 26 जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त किए गए हैं। इनमें जयपुर में संदेश नायक, टोंक में टीना डाबी, उदयपुर में गौरव अग्रवाल, बीकानेर में निशांत जैन, करौली में अक्षय गोदारा, जोधपुर में आलोक रंजन, जैसलमेर में अनुपमा जोरवाल, बाड़मेर में चिन्मयी गोपाल, प्रतापगढ़ में शुभम चौधरी, सीकर में आशीष मोदी, फलौदी में अंकित कुमार सिंह, बारां में बाल मुकुंद असावा, श्रीगंगानगर में अमित यादव, चित्तौड़गढ़ में मंजू, पाली में रविंद्र गोस्वामी, सिरोही में रोहिताश्व सिंह तोमर, बूंदी में हरफूल सिंह यादव, डीडवाना-कुचामन में अवधेश मीणा, नागौर में देवेंद्र कुमार, दौसा में सौम्या झा, खैरथल-तिजारा में अतुल प्रकाश, सलूंबर में मुहम्मद जुनैद पी.पी., डूंगरपुर में देशल दान, डीग में मयंक मनीष तथा कोटपूतली-बहरोड़ में अपर्णा गुप्ता को कलेक्टर बनाया गया है।






