राजस्थान के सभी सरकारी स्कूलों में 26 और 27 सितम्बर को अवकाश रहेगा, जबकि 28 सितम्बर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश होगा। इस तरह स्कूलों में लगातार तीन दिन की छुट्टी रहेगी।
जयपुर। राजस्थान के सरकारी स्कूलों में अगले तीन दिन पूरी तरह से अवकाश रहेगा। इस दौरान न सिर्फ विद्यार्थी बल्कि शिक्षक भी छुट्टी पर रहेंगे, जिसके चलते स्कूल पूरी तरह बंद रहेंगे। दरअसल, प्रदेश में 26 और 27 सितम्बर को दो दिवसीय शिक्षक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। शिविरा पंचांग के अनुसार इन दोनों दिनों में सभी सरकारी शिक्षक सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसके कारण कक्षाएं नहीं होंगी। रविवार 28 सितम्बर को साप्ताहिक अवकाश होने से लगातार तीन दिन की छुट्टी हो जाएगी।
यदि कोई शिक्षक 29 सितम्बर को एक दिन का अतिरिक्त अवकाश लेता है, तो उसे कुल पांच दिन की छुट्टी मिल जाएगी। कारण यह है कि 26 और 27 सितम्बर को शिक्षक सम्मेलन का अवकाश रहेगा, 28 सितम्बर को रविवार है, 29 सितम्बर को यदि अवकाश ले लिया जाए तो 30 सितम्बर को अष्टमी के अवसर पर पूरे राजस्थान में अवकाश घोषित है। इस तरह 26 से 30 सितम्बर तक लगातार छुट्टियां मनाई जा सकती हैं।






