ट्रंप प्रशासन ने संकेत दिया है कि विदेशी डॉक्टरों को एच-1बी वीजा की भारी-भरकम 1 लाख डॉलर (करीब 88 लाख रुपये) फीस से छूट दी जा सकती है। यह छूट तब लागू होगी जब अमेरिकी गृह सुरक्षा सचिव तय करेंगे कि किसी डॉक्टर या पेशेवर को नौकरी देना राष्ट्रीय हित में है। चिकित्सा संगठनों ने चेतावनी दी है कि ग्रामीण अमेरिका में डॉक्टरों की कमी का संकट और गहरा सकता है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता टलर रोजर्स ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के हस्ताक्षर वाले कार्यकारी आदेश में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए इस तरह की संभावित छूट का प्रावधान है। हाल ही में जारी आदेश में कहा गया है कि यदि गृह सुरक्षा सचिव यह मानते हैं कि किसी व्यक्ति या उद्योग में भर्ती राष्ट्रीय हित में है, तो वीजा फीस माफ की जा सकती है। रोजर्स ने स्पष्ट किया कि प्रशासन राष्ट्रपति के आदेशों का पालन करेगा।
व्हाइट हाउस का यह बयान उस समय आया है जब कई अमेरिकी चिकित्सा संस्थानों ने ग्रामीण इलाकों में डॉक्टरों की कमी को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इतनी ऊंची वीजा फीस विदेशी डॉक्टरों को अमेरिका आने से हतोत्साहित कर सकती है, जिससे पहले से संकट झेल रहे इलाकों में स्थिति और बिगड़ सकती है। व्हाइट हाउस ने घोषणा की थी कि एच-1बी वीजा आवेदन के लिए अब 100,000 डॉलर (करीब 88 लाख रुपये) की फीस वसूली जाएगी। पहले यह फीस मात्र 215 डॉलर थी, जिसमें अन्य छोटे-छोटे शुल्क शामिल थे। हालांकि, प्रशासन ने साफ किया कि यह नई फीस मौजूदा वीजा धारकों पर लागू नहीं होगी और जो कर्मचारी विदेश यात्रा पर हैं, वे बिना अतिरिक्त फीस दिए अमेरिका लौट सकते हैं। यह नियम रविवार से लागू हो गया है।
एच-1बी वीजा क्या है?
एच-1बी वीजा के तहत अमेरिकी कंपनियां विदेश से विशेष कौशल रखने वाले पेशेवरों को काम पर रख सकती हैं। इसके लिए उम्मीदवार के पास कम से कम स्नातक की डिग्री या उसके बराबर योग्यता होना जरूरी है। वीजा की अवधि तीन साल की होती है, जिसे तीन साल और बढ़ाया जा सकता है। वर्तमान में अमेरिका में लगभग 7 लाख एच-1बी वीजा धारक और करीब 5 लाख उनके आश्रित (परिवारजन) रह रहे हैं। अस्पताल, बैंक, विश्वविद्यालय और कई अन्य नियोक्ता भी इस वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। हर साल 65,000 नए एच-1बी वीजा जारी किए जाते हैं, जबकि स्नातकोत्तर या उससे ऊपर की डिग्री वाले आवेदकों के लिए 20,000 अतिरिक्त वीजा उपलब्ध रहते हैं। ये वीजा लॉटरी प्रणाली से आवंटित किए जाते हैं।
डॉक्टरों को एच-1बी वीजा के लिए 1 लाख डॉलर फीस से मिल सकती है राहत






