महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मराठा आरक्षण और राहुल गांधी के “वोट चोरी” सवालों का खुलकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नेपाल की जेन-जी से मोहब्बत है, उन्हें नेपाल जाकर रहना चाहिए। राहुल गांधी के जेन-जी वाले सवाल पर फडणवीस ने कहा कि भारत और नेपाल की परिस्थितियाँ अलग हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत के युवाओं के पास विरोध प्रदर्शन करने का समय नहीं है, क्योंकि वे स्टार्टअप्स, एआई और आईटी जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय युवा इंजीनियरों ने विश्वभर में अपनी पहचान बनाई है और सिलिकॉन वैली में भी उनकी मौजूदगी है। उनका कहना है कि भारत की जेन-जी के विचार और दृष्टिकोण अलग हैं और वे नेपाल की तरह सोचकर काम नहीं करते।
फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी ने अब तक सभी तरह के हथकंडे आज़मा लिए हैं और अब वे हताश हैं। उन्हें लगता है कि जेन-जी से अपील करके कुछ हासिल कर पाएंगे, लेकिन हमारे जेन-जी की नजर में राहुल गांधी की अहमियत क्या है, इसे हम नहीं बताएंगे। भारत के युवाओं के पास विरोध प्रदर्शन करने का समय नहीं है। पिछले दिनों राहुल गांधी ने देश के छात्रों और युवाओं से, जो 1997 से 2012 के बीच जन्मे हैं, लोकतंत्र की रक्षा करने की अपील की थी और वोट चोरी के मुद्दे पर सड़क पर उतरने की बात कही थी। इस पर फडणवीस ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक संबंध हैं, लेकिन आज दोनों देशों की परिस्थितियाँ बहुत अलग हैं। फडणवीस ने यह भी कहा कि भारत ने काफी प्रगति की है और अब यह दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। हमारे युवाओं की सोच अलग है और वे दुनिया पर अपना वर्चस्व जमा रहे हैं, इसलिए उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने का समय नहीं है।
‘अगर जेन-जी से मोहब्बत है, तो नेपाल में जाकर रहो’- देवेंद्र फडणवीस





