
मृतकों में छह मासूम बच्चे भी शामिल
महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहां एक कार के कुएं में गिर जाने से एक ही परिवार के नौ लोगों की जान चली गई। मृतकों में छह मासूम बच्चे भी शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार किसी समारोह से वापस लौट रहा था। घटना की जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे डिंडोरी के शिवाजी नगर इलाके में यह दुर्घटना हुई। समारोह से लौटते समय कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक गहरे कुएं में जा गिरी।
राहत-बचाव के बावजूद नहीं बच सकी जानें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। बचाव कार्य के लिए क्रेन और तैराकों की मदद ली गई। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में कार और उसमें सवार सभी लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि सभी मृतक डिंडोरी तालुका के इंदोरे गांव निवासी दरगुड़े परिवार के सदस्य थे। मृतकों में सुनील दत्तू दरगुड़े (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुड़े (32) और परिवार के छह बच्चे शामिल हैं। बच्चों में पांच लड़कियां (उम्र 7 से 14 वर्ष) और एक 11 वर्षीय लड़का शामिल है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डिंडोरी के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






