
ट्रैक पर पड़े शव को देखने के लिए नीचे उतरे थे
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार शाम एक हृदयविदारक रेल हादसा सामने आया। करछना क्षेत्र के पचदेवरा ग्राम सभा स्थित ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर शाम करीब 6:47 बजे पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक नेताजी एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे और ट्रैक पर पड़े एक शव को देखने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब ट्रेन रुकी तो कुछ यात्री जिज्ञासावश नीचे उतर आए। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों ने शोर मचाकर लोगों को सतर्क करने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसा इतना भीषण था कि करीब 50 मीटर तक ट्रैक के आसपास खून फैल गया और शवों के अंग बिखर गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण और यात्री घटनास्थल पर पहुंचे, जहां का मंजर देखकर सभी सन्न रह गए। सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ट्रैक पर बिखरे शवों के हिस्सों को एकत्र कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी पुलिस का सहयोग किया।
शादी में शामिल होने जा रहे थे मृतक
मृतकों में फिरोजाबाद जिले के खैरगढ़ थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव निवासी युवक शामिल थे। बताया जा रहा है कि 19 वर्षीय आकाश अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने कोलकाता जा रहा था। उसके साथ अन्य यात्री भी थे, लेकिन यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। कुछ यात्रियों के मुताबिक, पचदेवरा हॉल्ट के पास एक यात्री के ट्रेन से गिरने की सूचना पर किसी ने चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन रुक गई। ट्रेन रुकते ही कई यात्री नीचे उतर गए। इसी बीच दूसरी ट्रेन के आने का संकेत मिला और लोग जल्दबाजी में वापस चढ़ने लगे, लेकिन तभी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस वहां पहुंच गई और पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतकों की पहचान और प्रशासन की कार्रवाई
हादसे में मरने वालों में फिरोजाबाद के एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें आकाश, बलराम और उनकी भाभी समेत अन्य सदस्य हैं। वहीं, एक अन्य मृतक की पहचान मिर्जापुर जिले के सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो प्रयागराज से अपने घर लौट रहा था। इस हादसे में मिर्जापुर के ही एक युवक बाल-बाल बच गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेलवे ट्रैक पर पहले से एक व्यक्ति का शव पड़ा था, जिसकी वजह से ट्रेन रोकी गई थी। उसी को देखने के लिए यात्री नीचे उतर गए और यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और मृतकों की शिनाख्त व अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर असुरक्षित यात्रा और लापरवाही के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करता है।
मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने भी पीड़ित परिवारों को मदद का आश्वासन दिया है- प्रशांत वर्मा एसपी जीआरपी





