
ब्रिटेन के शाही परिवार के सम्मान में लिया फ़ैसला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स और रानी कैमिला के अमेरिका के राजकीय दौरे के सम्मान में स्कॉच व्हिस्की पर लगे टैरिफ को हटाने का एलान किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने इस फैसले की जानकारी दी।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स तृतीय और रानी क्वीन कैमिला के सम्मान में बड़ा फैसला लेते हुए स्कॉच व्हिस्की पर लगे टैरिफ और व्यापारिक प्रतिबंध हटाने का ऐलान किया है। इस संबंध में ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट साझा कर जानकारी दी। ट्रंप ने अपने संदेश में कहा कि यूनाइटेड किंगडम के राजा और रानी, जो हाल ही में व्हाइट हाउस से रवाना हुए हैं, उनके सम्मान में यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम स्कॉटलैंड और केंटकी के बीच व्हिस्की और बॉर्बन के व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है, जो दोनों क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उद्योग हैं। ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि राजा और रानी ने उनसे वह काम करवा दिया, जो लंबे समय से लंबित था और कोई अन्य नहीं करा सका। उन्होंने इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया और इस फैसले पर कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर भी कर दिए।
इस दौरान किंग चार्ल्स तृतीय और रानी कैमिला ने न्यूयॉर्क स्थित 9/11 स्मारक का दौरा कर आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही उन्होंने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी और पूर्व मेयर माइकल ब्लूमबर्ग से भी मुलाकात की। विशेषज्ञों का मानना है कि किंग चार्ल्स का यह अमेरिका दौरा दोनों देशों के बीच संबंधों को सुधारने में अहम भूमिका निभा सकता है। हाल के समय में टैरिफ विवाद और ईरान से जुड़े मुद्दों पर मतभेदों के चलते अमेरिका और ब्रिटेन के रिश्तों में तनाव देखा गया है। ट्रंप ने कई मौकों पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की सार्वजनिक रूप से आलोचना भी की थी।
ब्रिटेन की कूटनीतिक रणनीति में शाही परिवार की भूमिका हमेशा से महत्वपूर्ण रही है। ओवल ऑफिस में मुलाकात के दौरान किंग चार्ल्स ने अमेरिका-ब्रिटेन संबंधों को दुनिया के सबसे मजबूत गठबंधनों में से एक बताते हुए दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।






