
बिहार के सहरसा जिले से एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। महिषी प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में मिड-डे मील खाने के बाद 250 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। जानकारी के अनुसार, भोजन में सांप का मरा हुआ बच्चा मिलने की बात सामने आई है। गुरुवार को हुई इस घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। भोजन करने के कुछ ही देर बाद बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और घबराहट की शिकायत शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख स्कूल प्रशासन ने तुरंत सभी बच्चों को महिषी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां बड़ी संख्या में बच्चों के पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चों के इलाज में जुटी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बच्चे की थाली में सांप का मरा हुआ बच्चा मिला था, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
छात्रों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे चावल और दाल परोसी गई थी। भोजन के तुरंत बाद कई बच्चों की तबीयत खराब होने लगी। पांचवीं कक्षा के छात्र रोहित कुमार और सातवीं की छात्रा शिवानी ने भी बताया कि खाना खाने के बाद अचानक कई बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने लगे। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। सहरसा के सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद स्वास्थ्य टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाज व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। जिन बच्चों की हालत ज्यादा गंभीर थी, उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति स्थिर है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
वहीं, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सहरसा सदर एसडीएम श्रेयांश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही बच्चों को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सांप मिलने की सूचना के बाद एफएसएल टीम ने स्कूल पहुंचकर भोजन समेत अन्य नमूनों को जांच के लिए जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






