
प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश का हाथ पकड़कर मंच पर बुलाया
पटना में गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक कई प्रमुख नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे।
सरकार गठन के 22 दिन बाद हुए इस विस्तार में 32 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। पटना के गांधी मैदान में आयोजित समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम पांच-पांच मंत्रियों के समूह में संपन्न हुआ। भाजपा कोटे से मिथिलेश तिवारी, नीतीश मिश्रा, रामचंद्र प्रसाद, नंद किशोर राम और केदार गुप्ता सहित कई नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री मंगल पांडेय को इस बार जगह नहीं मिल सकी। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस विस्तार में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार और उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश को भी मंत्री बनाया गया है। भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोमो के नेताओं को मंत्रिमंडल में स्थान मिला है। जहां कुछ अनुभवी मंत्रियों को दोबारा जिम्मेदारी सौंपी गई, वहीं कई नए चेहरों को पहली बार मंत्री पद का अवसर मिला।






