यूपी के गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के पूर्व डॉक्टर कफील खान एक बार फिर मुश्किल में पड़ गए हैं, दरअसल, कफील खान और पांच अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ लखनऊ के कृष्णा नगर थाने में शुक्रवार को FIR दर्ज की गई, डॉक्टर खान पर आरोप है कि वह सरकार के खिलाफ साजिश रच रहे हैं, और दंगा फैला सकते हैं। इसके लिए वह अपनी किताब विशेष समुदाय में बटवा रहे हैं, किताब में सरकार विरोधी भड़काऊ बातें लिखी गई है. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने कफील खान व पांच अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 145–बी, 143, 465, 467, 471, 504, 298 , 295–ए, प्रेस और पुस्तक रजिस्ट्रीकरण अधिनियम 1867 की धारा 3 और 12 के तहत एफआईआर दर्ज की है। कफील खान पर योगी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए दंगे भड़काने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता मनीष का आरोप है कि चार–पांच लोग डॉक्टर कफील खान और उनकी लिखी किताब का नाम लेकर दंगा करने की बात कर रहे थे।
आरोप लगाने पर क्या बोले डॉक्टर कफील खान?
डॉक्टर कफील खान ने कहा कि,”आप देखिए, चुनाव आ रहे हैं और एक पंचिंग बैग की जरूरत है, वे जाहिर तौर पर फिल्म के लिए शाहरुख खान को तो नहीं छू सकते, लेकिन वह फिर भी मेरे खिलाफ ऐसी कार्रवाई कर सकते हैं.”
6 महीने जेल में बंद रहे डॉक्टर कफील खान
सितंबर सन 2020 में, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने डॉक्टर खान के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत आरोप रद्द कर दिए, और 6 महीने से मथुरा जेल में बंद उन्हें तुरंत रिहा करने का आदेश दिया. कफील खान पर सितंबर सन 2019 में नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाया गया था, उनके खिलाफ कथित तौर पर” सार्वजनिक व्यवस्था में खलन डालने” के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।




