दिल्ली की एक अदालत ने शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह की न्यायिक हिरासत सोमवार को 11 दिसंबर तक बढ़ा दी. संजय सिंह को उनकी न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद साऊथ एवेन्यू अदालत में पेश किया गया था। हालांकि संजय सिंह की ओर से पेश वकील ने अनुरोध पर आपत्ति जताई और कहा कि यदि ED चाहती है कि गवाह की पहचान का खुलासा न किया जाए, तो उसकी साख की रक्षा के लिए उसके गवाह को एक संक्षिप्त नाम दिया जा सकता है, उन्होंने कहा कि उन्हें एक गवाह के नाम को छोड़कर शेष आरोप पत्र उन्हें दिया जा सकता है।
ED ने सोमवार को दिल्ली की एक अदालत से आग्रह किया कि दिल्ली शराब नीति मामले में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के खिलाफ दायर उसके पूरक आरोप पत्र को गुप्त रखा जाए, एक गवाह के नाम की सुरक्षा के लिए अभियोजन की शिकायत को सीलंबद लिफाफे में रखने के लिए ED द्वारा एक आवेदन पत्र दायर किया गया था।
संजय सिंह के वकील ने कहा, ” लगता है, ऐसा जानबूझकर किया गया है, उन्हें आरोप पत्र वापस लेने दीजिए उनके द्वारा पूरी प्रक्रिया को छुपाया जा रहा है। उन्हें लगता है कि वह कुछ भी कर सकते हैं”
अदालत ने ED के आवेदन पर आदेश सुरक्षित रख लिया और 6 दिसंबर को दोपहर 2:00 बजे फैसला सुनाएगी। तब तक कोर्ट ने आरोप पत्र बंद लिफाफे में रखने का आदेश दिया। हालांकि बाद में कोर्ट ने आरोप पत्र की एक प्रति संजय सिंह को देने की अनुमति दे दी है।
दिल्ली की अदालत ने पहले कहा था कि संजय सिंह की गिरफ्तारी को गलत नहीं ठहराया गया था, क्योंकि जांच एजेंसी ने उन पर दो करोड रुपए के लेनदेन में सीधे तौर पर शामिल होने का आरोप लगाया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, संजय सिंह को आरोपी से सरकारी गवाह बने दिनेश अरोड़ा से पैसे मिले थे।
अदालत ने कहा है कि अरोड़ा के बयान कथित घोटाले में सिंह की संलिप्तता की पुष्टि करते हैं। इसके अलावा, इस बात का कोई सबूत नहीं है कि अरोड़ा के बयान “दागदार ” हैं। अदालत ने यह भी देखा था कि मिली राशि का पूरी तरह से पता लगाने और किसी भी अन्य संबंधित गतिविधियों की जांच करने के लिए संजय सिंह से निरंतर पूछताछ जरूरी है।




