बिहार के हाजीपुर जिले में एक दारोगा ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के ड्राइवर को बीच सड़क पर पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया. दरअसल ये मामला रोड रेज का है, जिसमें वैशाली जिले में तैनात एक दारोगा ने अपने लोगों के साथ मंत्री जी के ड्राइवर को कूट दिया। दारोगा अरविंद कुमार अपने थाने से करीब 30 किलोमीटर दूर थे, लेकिन रौब और रुतबे के चलते ड्राईवर चंदन की बीच सड़क पर पिटाई कर दी, जिसमें ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गया. लहूलुहान चंदन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मामला बढ़ता देखकर पुलिस के उच्च अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर वारदात के अगले दिन ड्राइवर का बयान दर्ज किया. ड्राइवर ने दारोगा समेत 5 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। चंदन का कहना है कि दारोगा उसे किसी घर के अंडरग्राउंड में ले गया, जहां उसकी पिटाई की गई.
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस विषय में थानाध्यक्ष का कहना है कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी और घायल अवस्था में एक व्यक्ति को लाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना पर हाजीपुर से बीजेपी विधायक अवधेश सिंह ने कहा कि दारोगा जी हद पार कर गए हैं। दारोगा ने कल हमारे ड्राइवर के साथ मारपीट की है, उसको धमकी देने भी गए कि तुमने हमारे बारे में बयान क्यों दिया है। इस मामले में एसपी साहब से हमारी बात हुई है।





