पश्चिम बंगाल के कोलकाता से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक दंपति ने अपनी नवजात पोती को 30 हजार रुपये में बेच दिया. पुलिस ने 23 दिन की बच्ची को दक्षिण 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर से रेस्क्यू किया है. दंपति को बिहार के गया से गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नवजात बच्ची लापता है. जांच के दौरान पता चला कि दादा-दादी ने उसे 30,000 रुपये में दो बाल तस्करों को बेच दिया था। बाल तस्करों ने नवजात को एक निसंतान महिला को बेच दिया था। पुलिस ने दंपति के अलावा दोनों बाल तस्करों एवं उस महिला को भी गिरफ्तार किया है, जिसने बच्चा खरीदा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि वह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और भी लोग तो शामिल नहीं हैं। रेस्क्यू की गई बच्ची का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है।
इस साल अगस्त में आनंदपुर पुलिस स्टेशन राष्ट्रीय सुर्खियों में आया था, जब पुलिस ने 100 से अधिक एजेंटों के नेटवर्क से जुड़े अवैध बच्चा बेचने वाले एक रैकेट का भंडाफोड़ किया था। यह रैकेट एक लोकप्रिय इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) केंद्र के माध्यम से संचालित किया गया था। रैकेट पहले आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग से आने वाली किसी भी महिला को 40,000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक की राशि में उनकी कोख खरीदने का प्रस्ताव देता था और बच्चे के जन्म के बाद, नवजात शिशु को दंपति को सौंप दिया जाता था।





