पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की आज 98वीं जयंती मनाई जा रही है. इस मौके पर देश उन्हें नमन कर रहा है. इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी के कई दिग्गज नेता उनकी समाधि ‘सदैव अटल’ पर नमन करने पहुंचे. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री को याद किया और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी जयंती पर देश के सभी परिवारजनों की ओर से मेरा कोटि-कोटि नमन. वे जीवनपर्यंत राष्ट्र निर्माण को गति देने में जुटे रहे. मां भारती के लिए उनका समर्पण और सेवा भाव अमृतकाल में भी प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उनका स्मरण कर उन्हें नमन करता हूं. अटल जी ने निःस्वार्थ भाव से देश व समाज की सेवा की और भाजपा की स्थापना के माध्यम से देश में राष्ट्रवादी राजनीति को नई दिशा दी. जहां एक ओर उन्होंने परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध में विश्व को उभरते भारत की शक्ति का एहसास करवाया, तो वहीं दूसरी ओर देश में सुशासन की परिकल्पना को चरितार्थ किया. उनके विराट योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।
पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी को छह साल तक सफलतापूर्वक गठबंधन सरकार चलाने का श्रेय दिया जाता है. इस दौरान उन्होंने सुधारों को आगे बढ़ाया और बुनियादी ढांच को बढ़ावा दिया. 2018 में 93 वर्ष की आयु में अटल जी का निधन हो गया था।




