भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि झारखंड में मुख्यमंत्री बदलने जा रहा है। सोशल मीडिया पर किए गए अपने दावे में उन्होंने कहा है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस्तीफा देंगे, और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन राज्य की अगली सीएम बनेंगी। सूत्रों का कहना है कि हेमंत सोरेन को इस बात का डर है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), जो मुख्यमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले की जांच कर रहा है, उन्हें गिरफ्तार कर सकता है. झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष ने अपनी पत्नी को कमान सौंपने की योजना बनाई है। झारखंड से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, झारखंड के विधायक सरफराज अहमद ने विधानसभा से इस्तीफ़ा दे दिया है, अब हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देंगे. निशिकांत दुबे ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “झारखंड के राज्यपाल को क़ानूनी सलाह लेनी चाहिए. झारखंड विधानसभा का गठन 27 दिसंबर 2019 को हुआ. सरफराज अहमद का इस्तीफ़ा 31 दिसंबर को हुआ. एक साल से कम समय में चुनाव नहीं हो सकता. ये पार्टी हेमंत सोरेन जी की नहीं शिबू सोरेन जी की है। यदि कल्पना सोरेन मुख्यमंत्री बनती हैं तो 6 महीने के अंदर उन्हें विधानसभा का सदस्य भी बनना होगा।
आपको बता दें कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर ED का शिकंजा कसता जा रहा है। बीते शनिवार को ही ED ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए हेमंत सोरेन को एक पत्र जारी करते हुए सोरेन से कहा था कि वह इस मामले में जांच अधिकारी को अपनी सुविधानुसार तारीख, स्थान आदि के बारे में सूचित करें, ताकि PMLA के तहत उनका बयान दर्ज किया जा सके। सोरेन ने ईडी के समन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट और झारखंड उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन उनकी याचिकाएं खारिज कर दी गईं. उन्होंने केंद्र पर 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।




