प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2-3 जनवरी को तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल का दौरा करेंगे. अपने दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी करोड़ों रुपये की लागत के विकासकार्यों और परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। नए साल में प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब लोकसभा चुनाव 2024 का समय नजदीक है। आम चुनाव के मद्देनजर बीजेपी समेत तमाम राजनीतिक दल हर वर्ग और जगह के मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे से बीजेपी के दक्षिण के मिशन को धार मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक हैंडल X के माध्यम से अपने कार्यक्रम के बारे में बताया. प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, ”अगले दो दिनों में मैं तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लूंगा। कार्यक्रमों की शुरुआत तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से होगी, जहां मैं भारतीदासन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करूंगा। विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया जाएगा। इन कार्यों से कई लोगों को लाभ होगा.’’
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बताया, ”मैं लक्षद्वीप के लोगों के बीच जाने के लिए उत्सुक हूं. 1150 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का या तो उद्घाटन किया जाएगा या फिर उनका शिलान्यास किया जाएगा. इन कार्यों में बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा आदि से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं.’’ प्रधानमंत्री मोदी तिरुचिरापल्ली में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में विमानन, रेल, सड़क, तेल और गैस, शिपिंग और उच्चतर शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी 19,850 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे। 4 जनवरी को प्रधानमंत्री लक्षद्वीप पहुंचेंगे, जहां वह अनेक विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे और लक्षद्वीप में दूरसंचार, पेयजल, सौर ऊर्जा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों से संबंधित अनेक विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।






