भारत-मालदीव विवाद के बीच अब मालदीव एसोसिएशन ऑफ टूरिज्म इंडस्ट्री (MATI) ने मालदीव के कुछ उप मंत्रियों द्वारा मोदी पर की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा की। MATI ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए लिखा, मालदीव एसोसिएशन ऑफ टूरिज्म इंडस्ट्री भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता के प्रति सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर कुछ उप मंत्रियों द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा करता है। भारत हमारे निकटतम पड़ोसियों और सहयोगियों में से एक है। MATI ने एक बयान में कहा कि भारत हमेशा हमारे विभिन्न संकटों में सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाला रहा है और हम सरकार के साथ-साथ भारत के लोगों द्वारा हमारे साथ बनाए गए घनिष्ठ संबंधों के लिए बेहद आभारी हैं।
बता दें कि पिछले तीन वर्षों में सालाना 2 लाख से अधिक भारतीयों ने मालदीव का दौरा किया, जो कि कोविड-19 महामारी के बाद किसी भी देश से सबसे अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार, आधिकारिक आंकड़ें बताते है कि दोनों देशों के बीच राजनयिक विवाद के बाद मालदीव का भारतीयों ने जमकर बहिष्कार किया है। मालदीव पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में 17 लाख से अधिक पर्यटकों ने मालदीव का दौरा किया, जिनमें से 2,09,198 से अधिक पर्यटक भारतीय थे, इसके बाद रूसी (2,09,146) और चीन (1,87,118) थे। 2022 में भारतीय टूरिस्ट की संख्या 2.4 लाख से अधिक थी, जबकि 2021 में 2.11 लाख से अधिक भारतीयों ने मालदीव के लिए उड़ान भरी। महामारी के दौरान मालदीव अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए खुले कुछ देशों में से एक था और उस अवधि के दौरान लगभग 63,000 भारतीयों ने उस देश का दौरा किया।






