इजरायल ने गाजा में हमास के ठिकानों और लेबनान में हिजबुल्ला के अड्डों पर हवाई हमले किए। हवाई हमले में हिजबुल्ला के वरिष्ठ कमांडर विसम अल ताविल के मारे जाने की सूचना है। अल ताविल को सीमा के नजदीक ड्रोन हमले में उस समय मारा गया जब वह साथियों के साथ गाड़ी में जा रहा था। हिजबुल्ला ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया करते हुए इजरायल को बड़ी कीमत चुकाने की चेतावनी दी है। इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या 23 हजार के पार हो गई है। उधर गाजा में मौजूद हमास का सबसे बड़ा नेता याह्या सिनवार इजरायली सेना से घिर गया है लेकिन उसने बचने के लिए इजरायली बंधकों से खुद को घेर रखा है। सिनवार को इस्माइल हानिया के बाद हमास का सबसे बड़ा नेता माना जाता है और गाजा में हमास की गतिविधियों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार है। सिनवार को सात अक्टूबर को इजरायली शहरों पर हमास के हमले का मास्टरमाइंड माना जाता है। इजरायली सेना सात अक्टूबर से ही उसकी तलाश में है।
इजरायल और हमास के बीच जारी जंग में अब तक 23 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की जान जा चुकी है। 70 हजार से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इजरायली सेना ने नॉर्थ और साउथ के बाद अब सेंट्रल गाजा में भी हमले कर रही है। आईडीएफ साउथ गाजा में खान यूनिस पर टैंक और फाइटर जेट से हमला कर दर्जनों आतंकवादियों को मार गिराया है।






