अगले 25 साल के विकसित भारत और पांच साल के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर किया मंथन
लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आने से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी अगली सरकार के शुरुआती 100 दिन के एजेंडे, अगले 25 साल के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन डॉक्यूमेंट और अगले पांच साल के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर आठ घंटे तक मंथन किया।
लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपानीत एनडीए सरकार की सत्ता में वापसी के प्रति आश्वस्त हैं। मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद ने रविवार को अगली सरकार के शुरुआती 100 दिन के एजेंडे, अगले 25 साल के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन डॉक्यूमेंट और अगले पांच साल के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर आठ घंटे तक मंथन किया। मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद की आखिरी बैठक में कई मंत्रालयों के सचिवों ने प्रजेंटेशन दिया। मोदी ने भी करीब एक घंटे के अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत की झलक अगले पूर्ण बजट में दिखाई देगी, जो जून में पेश होगा। मोदी ने अपनी सरकार की 10 साल की सफलताओं, भविष्य की प्राथमिकताओं और लक्ष्यों के बारे में विस्तार से चर्चा की।
मोदी ने मंत्रियों को कहा कि जाइए और जीत कर आइए, फिर जल्दी मिलेंगे। उन्होंने मंत्रियों को आगाह किया कि ज्यादा बोलने से परहेज करें। जो भी बयान दें, सोच-समझ कर दें। आजकल डीप फेक का चलन है, जिसमें आवाज बदल दी जाती है। चुनाव के समय लोगों से मिलते-जुलते समय सतर्क रहें। जो भी बोलना है, योजनाओं पर बोलें। विवादित बयानों से बचें। प्रधानमंत्री मोदी ने आला अफसरों से कहा कि चुनाव के दिनों में देश के भविष्य के रोडमैप को साकार करने पर काम करें।





