बिंद्रा से पहले पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी इस सम्मान से नवाजा जा चुका है।
अभिनव बिंद्रा को पेरिस में प्रतिष्ठित ओलंपिक ऑर्डर से सम्मानित किया गया। बिंद्रा को यह सम्मान ओलंपिक खेलों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। पूर्व ओलंपियन बिंद्रा केवल दूसरी भारतीय हस्ती हैं, जिन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया है। उनसे पहले देश की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री रहीं इंदिरा गांधी को 1983 में ओलंपिक ऑर्डर से सम्मानित किया गया था।
भारतीय निशानेबाज और ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा को पेरिस में प्रतिष्ठित ओलंपिक ऑर्डर से सम्मानित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के 142वें सत्र में बिंद्रा को सम्मानित किया गया। ओलंपिक ऑर्डर आईओसी की तरफ से दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। बिंद्रा से पहले पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी इस सम्मान से नवाजा जा चुका है। ओलंपिक खेलों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को इससे सम्मानित किया जाता है।
बिंद्रा ने 2008 में जीता था स्वर्ण
41 वर्षीय बिंद्रा ने 2008 बीजिंग खेलों में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता जीतकर भारत के पहला व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता था। वह 2010 से 2020 तक अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) की एथलीट समिति के सदस्य थे। 2014 से इसके अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। वह 2018 से आईओसी एथलीट आयोग के सदस्य हैं।
क्या है ओलंपिक ऑर्डर सम्मान?
ओलंपिक ऑर्डर आईओसी का सर्वोच्च पुरस्कार है, जो ओलंपिक आंदोलन में विशिष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। यह उस व्यक्ति को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है जिसने अपने कार्यों के माध्यम से ओलंपिक आदर्श को दर्शाया हो, खेल जगत में उल्लेखनीय योग्यता हासिल की हो, या ओलंपिक के लिए अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि या खेल के विकास में अपने योगदान के माध्यम से उत्कृष्ट सेवाएं दी हों। इसके नामांकन ओलंपिक ऑर्डर काउंसिल द्वारा प्रस्तावित किए जाते हैं और कार्यकारी बोर्ड द्वारा उन पर निर्णय लिया जाता है।



