अयोध्या के भदरसा गैंगरेप मामले में आरोपी मोईद खान के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चलाया गया है। इस कार्रवाई में कई बुलडोजरों का उपयोग किया गया। इस इमारत में एक बैंक का कार्यालय भी था। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। जानकारी के मुताबिक, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को पहले ही खाली करा लिया गया था, और पीएनबी ने भी अपना कार्यालय हटा लिया था। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का एक तिहाई हिस्सा ध्वस्त कर दिया गया। आरोप है कि मोईद खान ने इस कॉम्प्लेक्स को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया था। इससे पहले उसकी बेकरी पर भी बुलडोजर चलाया गया था। आरोपी मोईद खान और राजू खान के डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल लिए जा चुके हैं, और रिपोर्ट का इंतजार है।
इस बीच, अयोध्या गैंगरेप पीड़िता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब उसे केजीएमयू लखनऊ में गर्भपात कराने के बाद उसके परिवार के साथ एक सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए महिला कांस्टेबलों सहित 30 से अधिक पुलिसकर्मियों को 24 घंटे तैनात किया गया है। अयोध्या पुलिस ने 30 जुलाई को जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भदरसा नगर में बेकरी चलाने वाले मुईद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को 12 साल की लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, मुईद और राजू खान ने दो महीने पहले इस नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था और इस कृत्य को रिकॉर्ड भी किया था। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब हाल ही में मेडिकल जांच में पता चला कि पीड़िता गर्भवती है।
अयोध्या गैंगरेप मामले में आरोपी के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चला





