नेपाल में भारतीय यात्रियों को ले जा रही एक बस के मर्सियांगडी नदी में गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना शुक्रवार को नेपाल में हुई, जब एक भारतीय यात्री बस नदी में गिर गई। रिपोर्ट के अनुसार, बस में 40 यात्री सवार थे, जिसमें चालक, सहचालक और कंडक्टर समेत कुल 43 लोग थे। सभी यात्री महाराष्ट्र के निवासी थे। बस ने 8 दिन के परमिट पर 20 अगस्त को रूपन्देही के बेलहिया चेक-पॉइंट (गोरखपुर) से नेपाल में प्रवेश किया था। हादसा तनहुन जिले के आइना पहाड़ा इलाके में हुआ। सशस्त्र पुलिस बल नेपाल आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण विद्यालय के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) माधव पौडेल की अगुवाई में 45 कर्मियों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, लगभग 18 शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अभी भी आठ लोग लापता हैं।
जानकारी के अनुसार, यह भारतीय बस गोरखपुर से यात्रियों को लेकर नेपाल गई थी और हादसे का शिकार हो गई। बस पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी। तनहुन के एसपी बीरेंद्र शाही ने हादसे की पुष्टि की है, जबकि स्थानीय पुलिस अधिकारी अबू खैरेनी मौके पर मौजूद हैं। सेना और सशस्त्र बलों को भी सूचित कर दिया गया है। बस का नंबर यूपी 53 एफटी 7623 बताया जा रहा है। घटना की विस्तृत जानकारी का इंतजार है। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त ने कहा है कि वे यह पता लगाने के लिए संपर्क कर रहे हैं कि क्या बस में उत्तर प्रदेश का कोई व्यक्ति सवार था। इससे पहले जुलाई महीने में भी नेपाल में दो बसें उफनती त्रिशूली नदी में गिरने से 65 लोग बह गए थे। तब काठमांडू जा रही एंजेल बस और गणपति डीलक्स की बस हादसे का शिकार हुई थीं।
नेपाल में बस नदी में गिरने से 18 भारतीय यात्रियों की मौत






