प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल शुक्रवार (30 अगस्त) को महाराष्ट्र के दौरे पर आ रहे हैं, जहां वह हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2024 को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर में वे पालघर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान प्रधानमंत्री 76,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली वधावन बंदरगाह परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे।
आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 1:30 बजे पालघर के सिडको मैदान में इन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वधावन बंदरगाह परियोजना का उद्देश्य एक विश्व स्तरीय समुद्री प्रवेश द्वार बनाना है, जो बड़े कंटेनर जहाजों के लिए समुद्र के तटीय तल को गहरा करके और बड़े मालवाहक जहाजों को समायोजित करके भारत के व्यापार और आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करेगा। इस बंदरगाह से भारत की समुद्री कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी।
पालघर में प्रधानमंत्री मोदी 1,560 करोड़ रुपये की लागत से 218 मत्स्य पालन परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिससे मत्स्य पालन क्षेत्र में पांच लाख से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री 360 करोड़ रुपये की लागत से पोत संचार और सहायता प्रणाली के नेशनल रोल आउट का शुभारंभ करेंगे, जिसमें 13 तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक लाख मछली पकड़ने वाले जहाजों पर ट्रांसपोंडर लगाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन की जाने वाली अन्य पहलों में मछली पकड़ने के बंदरगाहों और एकीकृत जल पार्कों का विकास, रीसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम और बायोफ्लोक जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग शामिल है। ये परियोजनाएं कई राज्यों में लागू की जाएंगी और मछली उत्पादन में वृद्धि, मछली पकड़ने के बाद प्रबंधन में सुधार और मत्स्य पालन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए स्थायी आजीविका प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित होंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री मछली पकड़ने के केंद्रों के विकास, उन्नयन, आधुनिकीकरण और मछली बाजारों के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी कल मुंबई में 76000 करोड़ के वधावन बंदरगाह का शिलान्यास करेंगे






