गहलोत सरकार के दौरान शुरू की गई एक और योजना को भजनलाल सरकार बंद करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए सरकार योजना की समीक्षा करेगी। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने संकेत दिए हैं कि बाल गोपाल दूध योजना को बंद किया जा सकता है। अगर सरकार इस योजना को बंद करती है, तो राज्य के स्कूलों में बच्चों को दूध नहीं मिलेगा। दरअसल, भजनलाल सरकार बनने के बाद अलग-अलग योजनाओं की समीक्षा की जा रही है और बाल गोपाल दूध योजना भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस योजना का लाभ सभी स्कूली छात्रों को नहीं मिल रहा है, क्योंकि कई बच्चे पाउडर का दूध नहीं पीना चाहते हैं। इसी बयान के बाद इस योजना के बंद होने की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि 2022 में कांग्रेस की गहलोत सरकार ने राजस्थान में बाल गोपाल दूध योजना की शुरुआत की थी, जो कक्षा एक से आठवीं तक के छात्रों के लिए थी। इसमें 69 लाख से ज्यादा स्कूली बच्चों को मिल्क पाउडर से बना दूध दिया जाता था. कक्षा 5वीं तक के छात्रों को 15 ग्राम मिल्क पाउडर से बना 150 मिलीलीटर दूध और कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्रों को 20 ग्राम मिल्क पाउडर से बना 200 मिलीलीटर दूध दिया जाता था।
राजस्थान के स्कूलों में बाल गोपाल दूध योजना बंद होगी






