प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद से मोदी 10 बार अजमेर शरीफ दरगाह पर चादर चढ़ा चुके हैं. यह 11वीं बार होगा जब उन्होंने इस परंपरा में हिस्सा लिया है.
813वें उर्स के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चादर लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह शरीफ पर पेश की। अजमेर शरीफ दरगाह जाने से पहले केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को दिल्ली में निजामुद्दीन औलिया दरगाह का दौरा किया। उनके साथ भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी भी मौजूद थे, जो अजमेर दरगाह में चादर चढ़ाने उनके साथ आए। रिजिजू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “अजमेर जाने से पहले मैंने सोचा कि पहले निजामुद्दीन दरगाह जाना उचित होगा। इसलिए यहां आया और सभी के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री मोदी का संदेश लेकर मैं अजमेर शरीफ जा रहा हूं, जिसमें देश में भाईचारे और शांति का आह्वान किया गया है।”
पिछले साल स्मृति ईरानी ने चढ़ाई थी चादर
प्रधानमंत्री बनने के बाद से नरेंद्र मोदी अब तक 10 बार अजमेर शरीफ दरगाह पर चादर चढ़ा चुके हैं। यह 11वां मौका है जब उन्होंने इस परंपरा में भाग लिया है। पिछले साल, 812वें उर्स के दौरान, प्रधानमंत्री की ओर से स्मृति ईरानी और जमाल सिद्दीकी ने दरगाह पर चादर पेश की थी।
अजमेर के संभागीय आयुक्त महेश चंद्र शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने बेहतर इंतजाम किए हैं। जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। अजमेर रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश मेघवाल ने बताया कि लगभग 5000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरी नजर रखी जाएगी, ताकि कोई असुविधा न हो।






