राजस्थान विद्युत नियामक आयोग (आरईआरसी) के निर्देश पर विद्युत निगम ने नया आदेश जारी किया है। अब प्रदेश में उपभोक्ताओं से प्रति यूनिट केवल 28 पैसे का बेस फ्यूल सरचार्ज वसूला जाएगा, जो पहले 57 पैसे प्रति यूनिट था। यानी उपभोक्ताओं को अब फ्यूल सरचार्ज में लगभग आधी राहत मिलेगी।
आरईआरसी ने 26 जुलाई 2024 को तीनों बिजली वितरण कंपनियों की टैरिफ याचिकाओं पर निर्णय देते हुए 2024-25 के लिए टैरिफ आदेश पारित किया था। इसमें यह व्यवस्था दी गई है कि वास्तविक आंकड़े आने तक प्रोविजनल तौर पर बेस फ्यूल सरचार्ज वसूला जा सकता है। यह वसूली 4.24 रुपये प्रति यूनिट की औसत बिजली खरीद लागत के आधार पर तय की गई है। यह सरचार्ज मई 2024 के बिल से लेकर आगामी एक वर्ष तक वसूला जाएगा। हालांकि जनवरी 2025 से मार्च 2025 की चौथी तिमाही के लिए कोई स्पष्ट आदेश जारी नहीं हुआ है। पुराने फ्यूल सरचार्ज से अधिक वसूली की गई राशि पर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
उपभोक्ताओं को ऐसे मिलेगी राहत:
अगर किसी उपभोक्ता की खपत 100 यूनिट है, तो पहले उन्हें 57 रुपये का फ्यूल सरचार्ज देना पड़ता था, लेकिन अब केवल 28 रुपये देने होंगे। यानी उन्हें प्रत्येक 100 यूनिट पर 29 रुपये की राहत मिलेगी। बड़ी खपत वाले उपभोक्ताओं को इस फैसले से बड़ी बचत होगी।






