दिया कुमारी चम्बल रिवर फ्रंट पर आयोजित “हाड़ौती पर्यटन विकास पर संवाद” कार्यक्रम में शामिल हुईं. उन्होंने कोटा और हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन के संभावनाओं को उजागर किया और कहा राज्य सरकार पर्यटन विकास के लिए हर संभव प्रयास करेगी.
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी शुक्रवार को कोटा जिले के शौर्य घाट चंबल रिवर फ्रंट पर आयोजित हाड़ौती पर्यटन विकास संवाद कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोटा और पूरे हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। चंबल रिवर फ्रंट कोटा में एक अनोखा पर्यटन स्थल बनकर उभरा है। पर्यटन के विकास के लिए सरकार हर संभव प्रयास और सहयोग करेगी।
राज्य में जल्द लागू होगी पर्यटन नीति
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा में पर्यटन विकास की सभी संभावनाएं मौजूद हैं। कोटा और बूंदी जिलों में कई ऐतिहासिक स्थल हैं। साथ ही, यहां आध्यात्मिक पर्यटन, वन्यजीव पर्यटन, और एडवेंचर पर्यटन की भी व्यापक संभावनाएं हैं। इन विशेषताओं को वैश्विक स्तर पर प्रचारित करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार जल्द ही पर्यटन नीति जारी करेगी, जिसमें पर्यटन विकास के विभिन्न पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा। हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ट्रेवल मार्ट और पर्यटक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना चाहिए। इससे यहां के पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रचार-प्रसार होगा।
कोटा में देश-विदेश से आएंगे पर्यटक
दिया कुमारी ने कहा कि कोटा में एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एयरपोर्ट बनने के बाद बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से देश-विदेश से पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा। सड़कों की स्थिति में सुधार किया गया है, और इस दिशा में आगे भी ठोस कार्य जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थानवासियों में “अतिथि देवो भवः” की भावना गहराई तक समाई हुई है। इसी वजह से पर्यटक यहां बार-बार आते हैं। इस वर्ष राजस्थान में पर्यटकों की रिकॉर्ड संख्या दर्ज की गई है, जो बेहद उत्साहजनक है। “राइजिंग राजस्थान” में सबसे ज्यादा एमओयू भी पर्यटन क्षेत्र से संबंधित हुए हैं।






