राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी अपनी दो दिवसीय उदयपुर यात्रा के दौरान शुक्रवार सुबह दिवंगत छात्र देवराज मोची के घर पहुंचीं। उन्होंने खेरादीवाड़ा, उदयपुर स्थित स्व. देवराज के घर जाकर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान दीया कुमारी ने परिवार को सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने दिवंगत छात्र के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 8 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की और जिला कलेक्टर को निर्देश दिए कि परिवार को हरसंभव मदद दी जाए।
परिवार से मुलाकात के बाद दीया कुमारी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने परिवार को सहायता राशि का चेक सौंप दिया है और उन्हें भरोसा दिलाया है कि सरकार उनके साथ है। हम पूरी कोशिश करेंगे कि परिवार को न्याय मिले। जो हुआ वह बहुत गलत है और मामले की पूरी जांच होगी। पीड़ित परिवार का पक्ष कोर्ट में मजबूती से रखा जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा, “दुर्भाग्य से कन्हैयालाल की हत्या गहलोत सरकार के समय हुई थी, और उस समय जांच कैसी हुई, यह देखने की आवश्यकता है। कोर्ट का निर्णय महत्वपूर्ण है और हम उस पर कुछ नहीं कह सकते, लेकिन छात्र देवराज के मामले को हम मजबूती से कोर्ट में पेश करेंगे और परिवार को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे।”
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, शहर विधायक ताराचंद जैन, जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल, उपमहापौर पारस सिंघवी, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह राठौड़, समाजसेवी प्रमोद सामर, रविंद्र श्रीमाली, चंद्रगुप्त सिंह चौहान, गजपालसिंह, पार्षद शिल्पा पामेचा समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। गौरतलब है कि 28 जून 2022 को उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या के बाद उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। एनआईए ने मामले की जांच कर रियाज अत्तारी और गौस मोहम्मद सहित अन्य को गिरफ्तार किया था।
देवराज के परिवार को न्याय दिलाने की कोशिश करेंगे- दीया कुमारी






