क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता अभियान के तहत भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। यह जानकारी उनकी पत्नी और पार्टी की विधायक रीवाबा जडेजा ने दी है। गुरुवार को एक्स पर एक पोस्ट में रीवाबा ने जडेजा के सदस्यता कार्ड की तस्वीरें अपने कार्ड के साथ साझा कीं और ‘सदस्यता अभियान 2024’ का हैशटैग भी जोड़ा। रीवाबा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान के तहत रवींद्र जडेजा पार्टी के सदस्य बने। इस अभियान की शुरुआत 2 सितंबर को नई दिल्ली से हुई थी। गौरतलब है कि जून में भारत की टी20 विश्व कप जीत के बाद अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। रीवाबा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा एक विशाल बरगद के पेड़ की तरह बढ़ी है और अपने सदस्यता अभियान के माध्यम से यह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। दूसरों को पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित करने से पहले अपने परिवार से शुरुआत करना उचित है, ताकि लोग भी इसके लिए प्रेरित हो सकें। इसी कारण मैंने जामनगर में सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए सबसे पहले अपने पति को भाजपा का प्राथमिक सदस्य बनाया। आपको बता दें कि रीवाबा जडेजा 2019 में भाजपा में शामिल हुई थीं और 2022 के राज्य चुनावों में जामनगर उत्तर विधानसभा सीट से उन्होंने आप उम्मीदवार को 50,000 से अधिक मतों से हराकर जीत दर्ज की थी।
क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने भाजपा की सदस्यता ली






