कुछ लोग अपनी ड्यूटी इतनी निष्ठा से निभाते हैं कि हमेशा के लिए लोगों की यादों में बस जाते हैं। कोंकण रेलवे ज़ोन में तैनात ट्रैकमैन महादेवा ने भी ऐसा ही कुछ किया। अपनी सूझबूझ और साहस से उन्होंने एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया। सुबह 4:50 बजे, कुमटा और होन्नार रेलवे लाइन के बीच महादेवा ने देखा कि पटरी के जॉइंट की वेल्डिंग खुली हुई है। उसी समय तिरुवनंतपुरम से राजधानी एक्सप्रेस आने वाली थी। उन्होंने तुरंत कुमटा रेलवे स्टेशन से संपर्क किया और ट्रेन रोकने को कहा, लेकिन तब तक ट्रेन कुमटा स्टेशन पार कर चुकी थी। महादेवा ने सीधे लोको पायलट से संपर्क करने की कोशिश की, पर सफल नहीं हुए। इसके बाद बिना समय गंवाए, उन्होंने उस दिशा में दौड़ लगाई, जिधर से ट्रेन आ रही थी। सिर्फ पाँच मिनट में 500 मीटर दौड़कर उन्होंने ट्रेन रुकवा दी। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने कर्मचारी भेजकर जॉइंट ठीक करवाया और ट्रेन को रवाना किया। सैकड़ों ज़िंदगियाँ बचाने वाले महादेवा को कोंकण रेलवे के अधिकारियों ने 15 हजार रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया।
तिरुवनंतपुरम राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन हादसा टला, ट्रैकमैन ने बचाई सैकड़ो जाने






