अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। अब केंटकी राज्य के ग्रामीण क्षेत्र लॉरेल काउंटी में गोलीबारी में कई लोगों के मारे जाने की खबर है। लॉरेल काउंटी के पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी साझा की है और लोगों से घरों के अंदर ही रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, लॉरेल काउंटी के आई-75 क्षेत्र में यह गोलीबारी हुई है और घटना के बाद उस इलाके को सील कर दिया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घायलों और मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की है, लेकिन कहा है कि कई लोग मारे गए हैं। संदिग्ध फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशीयर ने भी सोशल मीडिया पर घटना की पुष्टि की और लोगों से उस इलाके में न जाने की अपील की है।
हाल ही में जॉर्जिया के एक स्कूल में भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें दो छात्र और दो शिक्षक शामिल थे। छह अन्य लोग घायल हुए थे। इस घटना के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन ने बंदूक नियंत्रण कानून को मजबूत करने की अपील की थी। अमेरिका में ऐसी घटनाएं अब आम हो गई हैं और आए दिन सामने आती रहती हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल भी केंटकी में एक गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी और आठ घायल हुए थे।
अमेरिका में हुई गोलीबारी में कई लोगों की मौत





