बांग्लादेश में फरवरी 2026 में होने वाले आम चुनाव को लेकर तैयारियाँ जोर पकड़ने लगी हैं। चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि इसी सप्ताह चुनावी कार्ययोजना और रोडमैप जारी कर दिया जाएगा। आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने बताया कि रोडमैप का मसौदा तैयार हो चुका है और इसे जल्द ही अंतिम स्वीकृति के लिए आयोग को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना विभिन्न विभागों के समन्वय और आवश्यक परिचालन मुद्दों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। उम्मीद है कि इसे इस सप्ताह ही अंतिम रूप देकर सार्वजनिक कर दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि कानून-व्यवस्था को लेकर किसी तरह की चिंता की आवश्यकता नहीं है। कानून प्रवर्तन एजेंसियाँ और प्रशासनिक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पहले से सक्रिय हैं। यदि सभी जिम्मेदारी से कार्य करें तो मतदान प्रक्रिया सहज और व्यवस्थित रूप से संपन्न होगी।
जनविद्रोह के बाद गिरी थी अवामी लीग सरकार
जुलाई 2024 में हुए जनआंदोलन के बाद शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया था। अंततः 5 अगस्त 2024 को हसीना सरकार गिर गई और वह भारत चली गईं। इसके बाद अंतरिम सरकार का नेतृत्व सँभालने वाले मुहम्मद यूनुस ने लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करने का वादा किया था। तब से विभिन्न राजनीतिक दल लगातार नए आम चुनाव की माँग करते आ रहे हैं।
फरवरी 2026 में चुनाव कराने का ऐलान
अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने 5 अगस्त 2025 को, शेख हसीना सरकार के पतन की पहली वर्षगांठ पर, फरवरी 2026 में आम चुनाव कराने की घोषणा की थी। हालांकि नेशनल सिटिजन पार्टी सहित कई दलों ने यह कहते हुए इस संभावना को खारिज किया था कि बिना ज़रूरी सुधारों और अंतरिम सरकार द्वारा शुरू की गई कानूनी प्रक्रियाओं के पूरा हुए चुनाव संभव नहीं होंगे।






