अहमदाबाद के सेवेंथ-डे एडवेंटिस्ट स्कूल में मंगलवार को हुई एक दर्दनाक घटना में 10वीं कक्षा के एक छात्र ने 8वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र ने बुधवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक छात्र के परिजन और अन्य अभिभावक स्कूल के बाहर आक्रोशित हो गए और जमकर हंगामा व तोड़फोड़ की। पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात काबू में करने पड़े।
संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौर ने बताया कि दोनों छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी छात्र ने चाकू मार दिया। पुलिस ने घटना के बाद ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया था। इलाज के दौरान घायल छात्र की मौत हो गई, जिसके बाद परिजन, अभिभावक और सिंधी समाज के लोग एकत्र होकर विरोध कर रहे हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच जारी है। मृतक छात्र सिंधी समाज से था जबकि आरोपी मुस्लिम समुदाय से संबंधित है।
डीसीपी क्राइम ब्रांच शरद सिंघल ने कहा कि मंगलवार को हुए विवाद में एक छात्र ने दूसरे पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद लोगों ने स्कूल के बाहर विरोध-प्रदर्शन कर तोड़फोड़ की, लेकिन पुलिस ने तुरंत पहुंचकर स्थिति संभाल ली। फिलहाल माहौल शांत है। मृतक छात्र की अंतिम यात्रा बुधवार शाम को निकलेगी, जिसमें पुलिस सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
यूपी के बाद अब अहमदाबाद में एक छात्र ने की दूसरे छात्र की हत्या





