प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 सितंबर को अपने गृह राज्य गुजरात में देश की पहली वंदे मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। यह ट्रेन भुज से अहमदाबाद के बीच चलेगी, जिसमें अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, समखियाली, हलवद, धांगध्रा, विरमगाम, चांदलोडिया और साबरमती में ठहराव होगा। ट्रेन की यह सेवा सप्ताह में 6 दिन उपलब्ध होगी, और इसकी स्पीड 100 से 150 किमी प्रति घंटा होगी।
वंदे मेट्रो ट्रेन दैनिक यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है, खासकर उन लोगों के लिए जो छोटे शहरों से बड़े शहरों में नौकरी के लिए रोजाना सफर करते हैं। ट्रेन में आरामदायक सफर के लिए आधुनिक सुविधाएं होंगी, और इसके लिए एमएसटी (मंथली सीजनल टिकट) का अलग से प्रावधान किया गया है। इसका किराया न्यूनतम 30 रुपये रखा गया है, जिसमें जीएसटी भी लागू होगा। इसके साथ ही, 15 सितंबर को पीएम मोदी 10 राज्यों के लिए 10 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। ये ट्रेनें झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश को मिलेंगी, जिनसे उन राज्यों के यात्रियों को अत्यधिक फायदा होगा।
प्रधानमंत्री 16 सितंबर को देश की पहली वंदे मेट्रो ट्रेन को दिखायेंगे हरी झंडी: गुजरात से होगी शुरूआत





