भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला हैदराबाद में खेला गया। इस मैच में भारत ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 297 रन बनाए। यह किसी भी टेस्ट खेलने वाले देश द्वारा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले नेपाल ने 2023 में मंगोलिया के खिलाफ 314 रन बनाए थे। टी-20 का सबसे बड़ा स्कोर भी नेपाल के नाम है। इस मैच में भारत ने 22 छक्के लगाए, जो टीम इंडिया का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले भारत ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 21 छक्के मारे थे। ओवरऑल यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भी टीम द्वारा एक पारी में तीसरा सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है। नेपाल ने मंगोलिया के खिलाफ 26 छक्के और जापान ने 2024 में चीन के खिलाफ 23 छक्के लगाए थे। इस मैच में भारत ने कुल 47 बाउंड्रीज लगाईं, जो कि किसी भी टीम द्वारा एक पारी में सबसे ज्यादा बाउंड्रीज का रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड चेक रिपब्लिक के पास था, जिसने 2019 में तुर्किये के खिलाफ 43 बाउंड्रीज लगाईं थीं। भारत ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 42 बाउंड्रीज लगाईं थीं।
टीम इंडिया के 297 के स्कोर में सबसे अहम योगदान संजू सैमसन और सूर्यकुमार यादव का रहा। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 173 रन की साझेदारी की, जो भारत के लिए किसी भी विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। वहीं, टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरे विकेट के लिए यह चौथी सबसे बड़ी साझेदारी है। संजू सैमसन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक लगाया। उन्होंने 47 गेंदों पर 111 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 8 छक्के शामिल थे। सूर्यकुमार यादव ने 35 गेंदों पर 75 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल थे। रियान पराग ने 13 गेंदों में 34 रन और हार्दिक पांड्या ने 18 गेंदों में 47 रन बनाए। पराग ने 1 चौका और 4 छक्के लगाए, जबकि हार्दिक ने 4 चौके और 4 छक्के जड़े। इस मैच में बांग्लादेश के पांच गेंदबाजों ने अपने ओवरों में 40 से ज्यादा रन दिए। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में चौथी बार हुआ है। बांग्लादेश के मेहदी हसन (45 रन), तस्कीन अहमद (51 रन), तंजीम हसन साकिब (66 रन), मुस्तफिजुर रहमान (52 रन) और रिशाद हुसैन (46 रन) ने अपने स्पेल में 40 से ज्यादा रन खर्च किए।
भारत ने की छक्कों की बारिश, तीसरे मैच में बांग्लादेश को 133 रन से हराया






