उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुंबई पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी के अनुसार, महिला की पहचान 24 वर्षीय फातिमा खान के रूप में की गई है, जो उल्लासनगर की रहने वाली हैं। फातिमा के पिता फर्नीचर का कारोबार करते हैं, और फातिमा ने बीएससी (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) की पढ़ाई की है। पुलिस का कहना है कि महिला पढ़ी-लिखी है, लेकिन उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर एक अनजान नंबर से धमकी भरा संदेश मिला था, जिसमें कहा गया था कि अगर योगी आदित्यनाथ 10 दिन के अंदर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देते, तो उनका हश्र भी बाबा सिद्दीकी जैसा होगा। जांच में पता चला कि यह संदेश फातिमा खान के नंबर से भेजा गया था। इसके बाद मुंबई एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड ने पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की और फातिमा को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में आगे की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक, 20 नवंबर को महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री योगी प्रचार करने वाले हैं। इसी महीने की 12 तारीख को एनसीपी के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी, जब वे अपने विधायक बेटे के कार्यालय से बाहर निकल रहे थे। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। इस साल मुख्यमंत्री योगी को कई बार जान से मारने की धमकियाँ मिल चुकी हैं। हाल ही में किसी ने डायल 112 पर फोन करके धमकी दी थी और इसके बाद ट्विटर व फेसबुक पर भी धमकियाँ दी गई थीं। यूपी पुलिस ने कुछ ही दिनों में इन आरोपों में शामिल व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया था, जिनमें एक व्यक्ति को फुलवारिया शरीफ से गिरफ्तार किया गया था।
योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाली आरोपी महिला गिरफ्तार






