झारखंड की राजधानी रांची में भाजपा की राज्य इकाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। रांची पुलिस ने कांग्रेस की शिकायत मिलने के बाद यह मामला दर्ज किया है। चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने झारखंड भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल पर भ्रामक और भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर रांची पुलिस ने भाजपा के खिलाफ यह केस दर्ज किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के अनुसार, 10 नवंबर 2024 को कांग्रेस नेता जयराम रमेश की ओर से चुनाव आयोग (ईसी) को एक शिकायत भेजी गई थी। इसमें कहा गया कि एक्स पर BJP4Jharkhand हैंडल से कुछ वीडियो पोस्ट किए गए हैं, जो झूठे और भ्रामक हैं। शिकायत में आरोप है कि इन वीडियोज में बेबुनियाद बातें कही गई हैं, जिनका उद्देश्य मतदाताओं को प्रभावित करना और विपक्षी दलों के पक्ष में वोट देने से रोकना है।
कांग्रेस नेता ने अपनी चिट्ठी में यह भी उल्लेख किया कि इन वीडियोज में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, और राजद के नेताओं के खिलाफ कई गलत आरोप और बयान दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 9 नवंबर को भाजपा के पेज पर पोस्ट किए गए। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एफआईआर रांची के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। इसमें झारखंड भाजपा पर आचार संहिता और अन्य कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। साथ ही, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने इन पोस्ट्स को आपत्तिजनक करार देते हुए आईटी अधिनियम की धारा 69(ए) के तहत इन्हें हटाने के लिए संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को संदेश भेजा है।
झारखंड: चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ एफआईआर दर्ज




