यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) आधार धारकों को कई सुविधाएं प्रदान करता है। आप अपने आधार में दर्ज गलत जानकारी को सही कर सकते हैं। हालांकि, अब यूआईडीएआई ने आधार कार्ड में नाम बदलने की प्रक्रिया को पहले से अधिक कठिन बना दिया है।
आज के समय में आधार कार्ड एक बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। इसका उपयोग हर उस जगह किया जाता है, जहां पहचान प्रमाण (आईडी प्रूफ) की आवश्यकता होती है। बिना आधार कार्ड के आप किसी भी सरकारी योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकते। ऐसे में अगर आधार कार्ड पर कोई गलत जानकारी दर्ज हो जाए, तो यह बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है।
यूआईडीएआई आधार धारकों को उनके कार्ड में करेक्शन करने की सुविधा देता है। कुछ करेक्शन आप घर बैठे ऑनलाइन कर सकते हैं, जबकि कुछ के लिए आपको आधार केंद्र जाना पड़ता है। हाल ही में यूआईडीएआई ने अपने नियमों में बदलाव किया है, जिससे आधार में नाम बदलने की प्रक्रिया अब अधिक कठिन हो गई है। नाम बदलने या सुधारने की प्रक्रिया को कठिन बनाने का उद्देश्य धोखाधड़ी के मामलों को रोकना है। यूआईडीएआई के अनुसार, यदि आप अपने आधार कार्ड में नाम में संशोधन करना चाहते हैं, तो अब आपको गैजेट नोटिफिकेशन की आवश्यकता होगी। चाहे आप पूरा नाम बदलना चाहें या केवल नाम के कुछ अक्षरों में सुधार करना चाहें, दोनों ही स्थितियों में गैजेट नोटिफिकेशन अनिवार्य होगा। इसके अलावा, आपको एक अतिरिक्त पहचान पत्र भी जमा करना होगा, जिसमें आपका पूरा नाम सही दर्ज हो। आप पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, सर्विस आईडी कार्ड या पासपोर्ट का उपयोग कर सकते हैं।
आपको बता दें कि आधार में नाम बदलने के लिए यूआईडीएआई केवल दो बार मौका देता है। जहां नाम बदलने की प्रक्रिया कठिन बनाई गई है, वहीं पते को बदलने की प्रक्रिया को सरल बना दिया गया है। इसके लिए अब आप किसी भी पब्लिक सेक्टर बैंक की पासबुक का उपयोग कर सकते हैं।
आधार कार्ड में नाम सुधारने के नियम बदले, अब गैजेट नोटिफिकेशन होगा अनिवार्य




