प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट समिति ने देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने का निर्णय लिया है। इसमें राजस्थान को 9 नए केंद्रीय विद्यालयों की सौगात मिली है। इस पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल का ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा, “प्रधानमंत्री जी, आपके दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, जिसमें राजस्थान को भी 9 नए विद्यालयों की स्थापना का सौभाग्य मिला है।”
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, “यह अभूतपूर्व निर्णय ‘शिक्षित भारत, विकसित भारत’ के लक्ष्य को मजबूत करते हुए देश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रसार, शैक्षिक अवसंरचना के विकास और युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री सहित भारत सरकार का हार्दिक आभार और धन्यवाद।”
इन जगहों पर खुलेंगे नए केंद्रीय विद्यालय
मोदी सरकार के इस निर्णय के तहत राजस्थान को 9 नए केंद्रीय विद्यालय आवंटित किए गए हैं, जो इन स्थानों पर स्थापित होंगे:
• एएफएस फलौदी (जोधपुर)
• बीएसएफ सतराना
• बीएसएफ श्रीकरणपुर (श्रीगंगानगर)
• हिंडौन सिटी (करौली)
• मेड़ता सिटी (नागौर)
• राजसमंद
• राजगढ़ (अलवर)
• भीम (राजसमंद)
• महवा (दौसा)
देश में खुलेंगे 85 नए केंद्रीय विद्यालय, इसमें से 9 राजस्थान में





