
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार सुबह हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से 300 से ज्यादा उड़ानें देरी का शिकार हुईं, जिससे यात्रियों को घंटों तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। आगमन और प्रस्थान, दोनों ही तरह की उड़ानों पर इसका असर पड़ा है, कई विमान रनवे पर ही खड़े रहे।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सूत्रों के अनुसार, एटीसी सॉफ्टवेयर में यह समस्या गुरुवार शाम से ही देखने को मिल रही थी, जो शुक्रवार सुबह गंभीर रूप ले ली। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, सुबह 5 बजे तक ही करीब 60 उड़ानें प्रभावित थीं, जबकि दोपहर तक यह संख्या 300 के पार चली गई। इस गड़बड़ी का असर दिल्ली के साथ-साथ उत्तर भारत के अन्य एयरपोर्ट्स पर भी देखा जा रहा है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने अपने बयान में कहा, “एटीसी सिस्टम में आई तकनीकी समस्या के कारण उड़ान संचालन में देरी हो रही है। हमारी टीमें सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर इसे जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास कर रही हैं।”
एयरलाइनों ने जारी की एडवाइजरी
स्पाइसजेट ने कहा, “दिल्ली में एटीसी की भीड़भाड़ के चलते उड़ानों पर असर पड़ सकता है। यात्री अपनी उड़ान की स्थिति पहले जांच लें।”
इंडिगो ने कहा, “दिल्ली एयरपोर्ट पर एटीसी की तकनीकी खराबी के कारण कई उड़ानें देरी से चल रही हैं। हमें हुई असुविधा के लिए खेद है।”
एयर इंडिया ने कहा, “एटीसी सिस्टम की समस्या के कारण सभी एयरलाइनों की उड़ानें प्रभावित हैं। यह स्थिति हमारे नियंत्रण से बाहर है, लेकिन हम यात्रियों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।”
लंबे इंतजार से यात्रियों की बढ़ी परेशानी
लंबे इंतजार से परेशान यात्री एयरपोर्ट पर गेटों के बाहर और अंदर दोनों जगह फंसे हुए हैं। कई यात्रियों ने बताया कि बोर्डिंग के बाद भी टेकऑफ में घंटों लग रहे हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, इंजीनियरों की टीम लगातार समस्या को ठीक करने में लगी है, लेकिन सिस्टम की पूरी बहाली में कुछ समय लग सकता है।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जांच कर लें। इसके लिए एयरलाइन ऐप्स या फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करें। अधिक जानकारी के लिए दिल्ली एयरपोर्ट की हेल्पलाइन 0124-4797300 पर संपर्क किया जा सकता है।





