स्वास्थ्य विभाग ने जनता के लिए एक अनूठी और सस्ती योजना की शुरुआत की है। अब बीपी (ब्लड प्रेशर) और शुगर की जांच केवल 1 रुपये में की जाएगी। इस योजना के तहत विशेष रूप से बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को 1 रुपये में स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महाकुंभ के दौरान कल्पवासियों की सेहत का ध्यान रखना है। ठंड के मौसम में उच्च रक्तचाप (हाई बीपी) और मधुमेह (डायबिटीज) जैसी बीमारियों के प्रभाव को कम करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
महाकुंभ में 100 से अधिक मेडिकल गाइड तैनात किए जाएंगे, जो स्वास्थ्य सेवाओं में मदद करेंगे और आपातकालीन स्थितियों में तुरंत सहायता प्रदान करेंगे। मेले के सभी 23 सेक्टरों में चार-चार मेडिकल गाइड मौजूद रहेंगे। इन्हें दो-दो सदस्यों की टीम में बांटा जाएगा, जिसमें एक नर्सिंग स्टाफ और एक फार्मासिस्ट शामिल होंगे। ये टीम शिविरों में जाकर श्रद्धालुओं, कल्पवासियों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की बीपी और शुगर की जांच करेगी। अगर किसी का बीपी या शुगर अनियंत्रित पाया गया, तो उन्हें तुरंत सेक्टर अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। जांच के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनें सीएसआर फंड (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) से खरीदी गई हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। नियमित जांच से इन बीमारियों से बचाव संभव है। प्रयागराज के महाकुंभ में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आएंगे। उनके इलाज में कोई बाधा न आए, इसके लिए मेडिकल गाइड्स के पास एक टैब होगा, जिसमें गूगल लैंग्वेज ट्रांसलेटर इंस्टॉल होगा। इसकी मदद से श्रद्धालु अपनी बात डॉक्टरों को समझा सकेंगे, और डॉक्टर भी अपनी बात श्रद्धालुओं को उनकी भाषा में समझा पाएंगे।
महाकुंभ के दौरान स्वास्थ्य विभाग मात्र 1 रुपए में करेगा बीपी-शुगर की जांच




