लखनऊ के कैसरबाग इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी छह साल की मासूम बेटी की जान ले ली। खंदारी बाजार में रहने वाली रोशनी खान ने सोमवार रात अपने प्रेमी उदित जायसवाल के साथ मिलकर अपनी बेटी सोना की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, रोशनी ने यह वारदात अपने पति शाहरूख को फंसाने के इरादे से की।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार रात तीन बजे के करीब डायल 112 पर हत्या की सूचना मिली थी। रोशनी ने फोन कर बताया कि उसके पति ने बेटी की हत्या कर दी है। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी और शव सड़ने लगा था, जिससे अंदेशा हुआ कि हत्या कुछ समय पहले नहीं बल्कि पहले ही हो चुकी है। शक होने पर पुलिस ने रोशनी और उदित से अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ में दोनों के बयान बार-बार बदलते रहे। बाद में जब सख्ती की गई, तो सच्चाई सामने आ गई कि हत्या रविवार को ही कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यह पुष्टि हुई कि घटना के करीब 36 घंटे बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जांच में पता चला कि रोशनी और शाहरूख के बीच पिछले दो वर्षों से संबंध खराब चल रहे थे और रोशनी अपने प्रेमी उदित के साथ लिव-इन में रह रही थी। उसने पहले अपने पति के परिजनों के खिलाफ भी कई गंभीर आरोप लगाकर केस दर्ज कराए थे और उन्हें जेल भिजवाया था। बाद में उसने शाहरूख को भी अपने ही घर से निकाल दिया और उसके फ्लैट पर कब्जा कर उदित के साथ वहीं रहने लगी।
इस पूरे मामले का मकसद शाहरूख को झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवाना था। हत्या के बाद भी रोशनी और उदित उसी घर में रुके और शव के पास ही पार्टी की। जब शाहरूख बेटी से मिलने सोमवार को आया और रोशनी से झगड़ा हुआ, तो वह लौट गया। इसके तुरंत बाद रोशनी ने पुलिस को सूचना दी और शाहरूख पर हत्या का आरोप लगा दिया।
लेकिन पुलिस को शक हो गया क्योंकि शव की हालत से यह साफ था कि हत्या काफी पहले हो चुकी थी। बाद में जांच और बयान बाज़ी के आधार पर साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने रोशनी और उदित दोनों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है और समाज में मां-बेटी के रिश्ते को कलंकित करने वाली इस घटना पर हर कोई स्तब्ध है।
लखनऊ में मां ने प्रेमी के साथ मिलकर मासूम बेटी की हत्या की, पति को फंसाने के लिए दिया वारदात को अंजाम





