कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दलितों और आदिवासियों के खिलाफ जातिगत अत्याचारों को बढ़ावा दे रही है। खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि संसद में गृह मंत्री अमित शाह बाबासाहेब आंबेडकर का अपमान करते हैं, और भाजपा-शासित राज्यों में वही जातिवादी मानसिकता लागू की जा रही है।
खरगे ने भाजपा सरकार को संविधान विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार के शासन में दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “मोदी सरकार के तहत दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदाय मनुवाद का शिकार हो रहे हैं। हर घंटे दलित और आदिवासी महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराध हो रहे हैं, और एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, 2014 के बाद ऐसी घटनाओं में दो गुना वृद्धि हुई है।” खरगे ने हाल ही में हुए जातिगत अत्याचारों के कुछ उदाहरण भी गिनाए, जिनमें मध्य प्रदेश के देवास में पुलिस हिरासत में एक दलित युवक की मौत, ओडिशा के बालासोर में एक आदिवासी महिला को पेड़ से बांधकर पीटा जाना, हरियाणा के भिवानी में एक दलित छात्रा द्वारा आत्महत्या, महाराष्ट्र के पालघर में एक आदिवासी महिला की मौत, और उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में तीन दलित परिवारों को जातिगत हमलों के कारण पलायन करना शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस 140 करोड़ भारतीयों के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन नहीं होने देगी। कांग्रेस भाजपा-आरएसएस की संविधान विरोधी मानसिकता के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।
‘दलित-आदिवासियों के खिलाफ अत्याचारों को बढ़ावा दे रही है भाजपा’- खडके




