नई दिल्ली: सरकार ने 1 जनवरी 2025 से शुरू होने वाली पहली तिमाही के लिए पब्लिक प्रॉविडेंट फंड और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। यह लगातार चौथी तिमाही है जब सरकार ने ब्याज दरों को यथावत रखने का फैसला किया है। वित्त मंत्रालय की एक अधिसूचना के अनुसार, छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। लोग उम्मीद कर रहे थे कि नए साल में सरकार बढ़ी हुई ब्याज दरों का तोहफा दे सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसका मतलब यह है कि वित्त वर्ष 2024-25 की आखिरी तिमाही में भी इन योजनाओं पर वही ब्याज दरें मिलेंगी, जो पिछली तिमाही में थीं। आइए, इन छोटी बचत योजनाओं पर मिलने वाली ब्याज दरों पर नजर डालते हैं:
स्मॉल सेविंग स्कीम और उनकी ब्याज दरें (1 जनवरी से 31 मार्च 2025)
• सुकन्या समृद्धि योजना (SSY): 8.2%
• पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF): 7.1%
• पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट: 4%
• किसान विकास पत्र (KVP): 7.5%
• नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC): 7.7%
• पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम: 7.4%
• पोस्ट ऑफिस सेविंग्स डिपॉजिट: 4.0%
• 1 साल का पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट: 6.9%
• 2 साल का पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट: 7.0%
• 3 साल का पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट: 7.1%
• 5 साल का पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट: 7.5%
• 5 साल का पोस्ट ऑफिस रिकरिंग डिपॉजिट: 6.7%
• सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम: 8.2%
सरकार हर तिमाही इन योजनाओं की ब्याज दरों की घोषणा करती है। यह चौथी बार है जब ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भारत सरकार द्वारा समर्थित ये छोटी बचत योजनाएं आम लोगों को बचत करने और अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का अवसर देती हैं। इन योजनाओं की ब्याज दरें सरकारी बॉन्ड की यील्ड के आधार पर निर्धारित की जाती हैं। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए, ये दरें सरकारी बॉन्ड यील्ड से थोड़ी अधिक रखी जाती हैं। पिछली बार जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में ब्याज दरों में बदलाव किया गया था। तब केवल 3 साल के पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट और सुकन्या समृद्धि योजना की ब्याज दरों में संशोधन किया गया था। अप्रैल 2024 से अब तक ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।





