हॉलीवुड अभिनेत्री ईवा लोंगोरिया और चर्चित सिंगर बियोंसे ने लॉस एंजिल्स के जंगल में लगी आग के पीड़ितों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है।
लॉस एंजेलिस और इसके आसपास के इलाकों में जंगल की आग का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। 7 जनवरी 2025 को जंगल में भीषण आग लगी, जिसमें अब तक करीब 18 लोगों की जान जा चुकी है और दर्जनों घायल हुए हैं। सोशल मीडिया पर हर दिन आग से जुड़ी कई वीडियो वायरल हो रही हैं, जिससे हर कोई चिंतित है। इस भयावह आग के कारण लगभग 1.5 लाख से अधिक लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर चुके हैं।
इस कठिन समय में पीड़ितों की मदद के लिए अभिनेत्री ईवा लोंगोरिया और बियोंसे ने आगे आकर सहारा दिया है। बियोंसे की चैरिटी फाउंडेशन ने जंगल की आग से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 21 करोड़ रुपये दान देने की घोषणा की है। यह धनराशि आग से प्रभावित परिवारों की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए इस्तेमाल की जाएगी। विशेष रूप से पासाडेना और अल्टाडेना इलाकों में राहत कार्यों के लिए इस फंड का उपयोग होगा। वहीं, अभिनेत्री ईवा लोंगोरिया ने भी पीड़ितों की मदद के लिए 50,000 डॉलर (करीब 43 लाख रुपये) दान करने की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “लॉस एंजेलिस और यहां लगी इस विनाशकारी आग ने कई लोगों के जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मैं ‘दिस इज अबाउट ह्यूमैनिटी’ संगठन को 50 हजार डॉलर दान कर रही हूं ताकि फ्रंटलाइन कर्मचारियों, खेत मजदूरों, दिहाड़ी मजदूरों और प्रभावित परिवारों की मदद की जा सके।”
लोंगोरिया ने दूसरों को भी इस मुश्किल समय में मदद करने के लिए प्रेरित किया और कहा, “आइए, हम सब मिलकर इस संकट में एक-दूसरे का सहारा बनें। यदि आप कर सकते हैं तो दान करें, शेयर करें या मदद का कोई और तरीका अपनाएं।” अपने वीडियो में लोंगोरिया ने बताया कि यह सप्ताह बहुत कठिन रहा है। “कई लोगों ने अपना सब कुछ खो दिया है, यहां तक कि वे चीजें भी, जिनके लिए उन्होंने पूरी जिंदगी मेहनत की। हमने कपड़े दान किए हैं और मैं व्यक्तिगत रूप से 50,000 डॉलर का योगदान दे रही हूं ताकि आग से प्रभावित परिवारों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों को समर्थन मिल सके।” उन्होंने आगे कहा, “खेत मजदूर और फ्रंटलाइन कर्मचारी इस खतरनाक स्थिति में भी अपनी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं। हमें उनकी मदद करनी चाहिए।” वीडियो के अंत में उन्होंने सभी से मजबूत बने रहने की अपील की और कहा, “यह समय सही या गलत पर चर्चा करने का नहीं है। हमें वर्तमान स्थिति पर काबू पाना है। जो लोग मदद कर रहे हैं, उनका धन्यवाद।”
सरकार ने इस आपदा को स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया है और राहत कार्यों के लिए संसाधनों को तैनात किया है। प्रभावित इलाकों के लोगों को निकासी योजनाओं का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है।






