मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, “आस्था, समता और एकता के महासमागम ‘महाकुंभ-2025, प्रयागराज’ में पावन ‘मकर संक्रांति’ के शुभ अवसर पर पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाने वाले सभी पूज्य संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन!”
मुख्यमंत्री ने बताया पहले अमृत स्नान पर्व के दौरान 3.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी
प्रयागराज महाकुंभ 2025 के मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर त्रिवेणी संगम के तट पर भक्तों का विशाल सैलाब उमड़ा। पहले अमृत स्नान पर्व के अवसर पर 3.50 करोड़ से ज्यादा संतों और श्रद्धालुओं ने आस्था की पवित्र डुबकी लगाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर सभी अखाड़ों, प्रशासनिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रयासों की सराहना की।
महाकुंभ में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अखाड़ों के साधु-संत हाथी, घोड़े और ऊंट पर सवार होकर अपने पारंपरिक जुलूस के साथ संगम तट पहुंचे। इस दौरान नागा साधुओं ने अपने युद्ध कौशल और पारंपरिक परंपराओं का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महाकुंभ के दौरान फूलों की वर्षा और घाटों की विशेष सजावट भक्तों के लिए अद्भुत अनुभव रही। योगी सरकार के निर्देशानुसार पुष्प वर्षा के लिए खास तैयारी की गई थी। इस महाकुंभ में विभिन्न स्नान पर्व पर कुल 20 क्विंटल गुलाब की पंखुड़ियों का उपयोग किया जाएगा। सोमवार को महाकुंभ का शुभारंभ हुआ, जिसमें 1.75 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई, और मंगलवार को यह संख्या 3.50 करोड़ से अधिक हो गई।





